यूपी के इटावा जिले में खाकी की दबंगई का ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने पूरे जिले में समोसा कांड को नाम दिया। समोसे के रुपये मांगने पर पुलिस ने दुकानदार को हवालात में बंद कर दिया। इससे नाराज व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने थाने में हंगामा किया। मामला तूल पकड़ते ही एसएसपी ने थाने के इंस्पेक्टर पर नाराजगी जताई। इसके बाद उन्हें छोड़ा गया।
पक्का तालाब चौराहे पर पुरबिया टोला निवासी हीरा लाल वर्मा की मिठाई की दुकान है। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने उन्हें 200 समोसा बनाने का आर्डर दिया। उन्होंने 100 समोसे बना लिए। तभी कोतवाली के एसएसआई प्रेम सिंह मय फोर्स दुकान पर पहुंचे और समोसे मांगे। हीरा लाल ने समोसे दे दिए। एसएसआई समोसा लेकर चल दिए तो हीरालाल ने पैसे मांगे। इसपर एसएसआई ने उनसे अभद्रता की और कोतवाली ले गए।