कानपुर में पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में नहर (कैनाल) किनारे एक मकान के निर्माण के दौरान शनिवार रात दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मौके पर पहुंचे पनकी इंडस्ट्रियल एरिया चौकी प्रभारी ने एक भाजपा नेता को परिचय देने के बाद पीट दिया।
इतना ही नहीं, विरोध करने पर भाजपा नेता को लॉकअप में बंद कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओें ने पनकी थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। आखिर में एसएसपी ने अनंत देव ने चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया। चौकी प्रभारी पर लगे आरोपों की जांच सीओ कल्याणपुर को सौंपी गई है।
दबौली निवासी अजय पाल अज्जू भाजपा के ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष हैं। पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में रहने वाले एक दोस्त के मकान में निर्माण चल रहा था। शनिवार रात निर्माण को लेकर पड़ोसी से विवाद हो गया था। सूचना मिलने पर अजय वहां पहुंचे तो दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरु हो गया। पनकी इंडस्ट्रियल एरिया चौकी प्रभारी अशोक वर्मा पहुंच गए।