दो पूर्व सांसद को पुलिस ने रोका, सड़क पर दिया धरना
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के धरने में शामिल होने जा रहे बांदा-चित्रकूट के लोकसभा प्रत्याशी रहे कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद बालकुमार पटेल को पुलिस ने मिर्जापुर जाने से रोक दिया। उनके साथ पूर्व सांसद सावित्रीबाई फुले भी पहुंची।
दोनों पूर्व सांसद पुलिस पर तानाशाही का आरोप लगाकर वहीं सड़क पर धरने में बैठ गए। पूर्व सांसद बालकुमार पटेल ने बताया कि वह शनिवार को चित्रकूट के कार्यकर्ताओं के साथ मिर्जापुर जा रहे थे। रास्ते मे प्रयागराज और मिर्जापुर के बॉर्डर पर मांडा के नजदीक पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
भारी भरकम कई थानों की पुलिस और एसडीएम ने कहा कि उन्हें मिर्जापुर नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने गिरफ्तारी की मांग की तो गिरफ्तार करने के लिए भी मना कर दिया गया। इसी दौरान उसी मार्ग पर पहुंची पूर्व सांसद सावित्रीबाई फुले को भी मिर्जापुर जाने से रोका गया।
इसका विरोध कर दोनों पूर्व सांसदों ने सड़क पर धरना दिया। पूर्व सांसदों ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार पूरी तरह फेल है। लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। इस मौके पर धनंजय चंदेला व रामबल सिंह आदि मौजूद रहे।