कानपुर का ड्रग्स माफिया सुशील शर्मा उर्फ बच्चा
- फोटो : amar ujala
कानपुर के शास्त्रीनगर निवासी ड्रग्स माफिया सुशील उर्फ बच्चा ने अवैध कारोबार से 15 साल में करोड़ों की संपत्ति खड़ी कर ली। वर्तमान में बच्चा के पास 14 कॉलोनियां, दो मकान, एक मार्केट, तीन प्लॉट भी हैं। पुलिस अब उसकी अवैध संपत्ति का ब्यौरा जुटाने में लग गई है। पुलिस जल्द ही उसकी प्रापर्टी सीज करने के लिए जिला प्रशासन को पत्र भेजेगी।
फिलहाल बच्चा पुलिस की पकड़ से दूर है। मूलरूप से प्रतापगढ़ के चांदपुर गांव निवासी सुशील शर्मा उर्फ बच्चा के पिता रामलाल गन फैक्ट्री में काम करते थे। रामलाल परिवार संग विजय नगर के अंबेडकर नगर स्थित कॉलोनी में रहते थे। रिटायरमेंट के बाद एक अधिवक्ता के साथ कोर्ट में बैठने लगे थे। इधर बच्चा इलाके में छोटी मोटी चोरियां, लूट आदि करने लगा था।
इसके बाद वह पप्पू डॉन के संपर्क में आकर बड़ी-बड़ी वारदात अंजाम देने लगा। वर्ष 2004 में पप्पू डॉन के एनकाउंटर के बाद पुलिस की मुखबिरी करने के साथ ही जुआ खिलाने लगा। मादक पदार्थों की सप्लाई भी शुरू कर दी और करोड़ों की संपत्ति जुटा ली।
भाजपा नेताओं के साथ ड्रग माफिया सुनील शर्मा उर्फ बच्चा की फोटो
- फोटो : amar ujala
वर्तमान में उसके पास विजयनगर में दो कॉलोनी, शास्त्रीनगर में दो मंजिला मकान, चौकी के पास मार्केट, कल्याणपुर में राष्ट्रपति के आवास वाली लाइन में दो मंजिला मकान, नानामऊ में एलिम्को के पास रोड से सटा 600 गज का, बिठूर में 400 गज का, नौबस्ता समाधि पुलिया के पास 200 गज का प्लॉट, नौबस्ता के तौदकपुर में छह कालोनियां हैं। यहीं नहीं बच्चा ने वर्ष 2013 में अपने पैतृक गांव में सात बीघा जमीन भी खरीद ली। इसके अलावा दो बोलेरो और दो स्कार्पियो गाड़ी भी हैं। सूत्रों के अनुसार ये सारी संपत्ति उसने अवैध कमाई से बनाई है।
बच्चा ने की हैं दो शादियां
सूत्रों के मुताबिक बच्चा ने दो शादियां की हैं। पहली पत्नी सियादुलारी अपने बेटे आकाश के साथ तौदकपुर में रहती है। आकाश यहां सूअरबाड़ा चलाता है। बच्चा अपनी दूसरी पत्नी मोहिनी के साथ शास्त्रीनगर में रहता है। दूसरी पत्नी से एक बेटी है। कहा जाता है कि मोहिनी बच्चा के छोटे भाई की पत्नी थी। चार साल पहले भाई की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। तब से मोहिनी उसके पास रहती है।
जिस युवक से ड्रग्स की सप्लाई कराता, उसी से कर दी थी बहन की शादी
सूत्रों के अनुसार बच्चा मादक पदार्थों की सप्लाई इलाके के एक युवक से कराता था। विश्वास पात्र होने के चलते उसने अपनी बहन की शादी उससे करा दी। इसके बाद उसे भी अपने कारोबार में सीधे रूप से जोड़ लिया था। इस समय वही बच्चा का सारा काम देख रहा था। पुलिस की दबिश के बाद से वह भी फरार है। पुलिस बच्चा, उसके भाई राजकुमार उर्फ बऊआ उर्फ लिंडा और बहनोई की तलाश में जुटी है।