रामादेवी चौराहे पर भटक रहे फ्रांस के नागरिक क्लैरे रोलेंड और पैट्रिक की चकेरी पुलिस ने की मदद ।
- फोटो : संवाद
कानपुर। कमिश्नरी पुलिस ने मंगलवार की रात अच्छी पुलिसिंग का उदाहरण पेश किया। रामादेवी चाैराहे पर भटक रहे फ्रांस के दो नागरिकों को नाश्ता कराया। थाने में पांच घंटे विश्राम कराने के बाद वाराणसी की बस में बैठाकर रवाना किया।
फ्रांस की नागरिक क्लैरे रोलेण्ड अपने पुरुष मित्र पेट्रिक के साथ भारत घूमने के लिए आई हैं। मंगलवार की रात को वे लोग झकरकटी बस अड्डे से वाराणसी जाने के लिए बस में सवार हुए। रामादेवी चौराहे पर बस के रुकने पर वे कुछ खाने-पीने के लिए नीचे उतरे। इसी दाैरान बस चली गई और वे वहीं पर छूट गए। वे दोनों वहीं पर भटक रहे थे। भाषा की दिक्कत के चलते वो किसी से बात भी नहीं कर पा रहे थे।
इस दाैरान चकेरी थाने में तैनात एसआई रविशंकर और एसआई सुशील कुमार ने उन्हें परेशान देखा तो पास जाकर बात की। दोनों दोस्तों को थाने लाकर जलपान कराया। रात में कोई वाहन न मिलने पर पांच घंटे थाने में आराम कराया। बुधवार की सुबह दोनों को वाराणसी जाने वाली बस में बैठाकर रवाना किया। दोनों विदेशी नागरिकों ने पुलिस के इस कार्य की प्रशंसा की।