रसूलाबाद(कानपुर देहात)। क्षेत्र में प्रेमी युगलों के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने के मामले में नामजद आरोपी के पड़ोसी को पुलिस ने शनिवार रात उठा लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
22 सितंबर को एसपी केशव कुमार चौधरी को शिकायत करते हुए आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने बताया था कि रसूलाबाद क्षेत्र के सुनसान स्थानों में मिलने वाले प्रेमी युगलों के अश्लील वीडियो बनाकर उनको ब्लैकमेल किया जाता है। बताया कि कई गिरोह सक्रिय हैं और इस तरह का अपराध कर रहे हैं। गिरोह के लोग प्रेमी से मिलने जाने वाली युवतियों को शिकार बना रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेकर एसपी ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया था। थाना पुलिस ने असालतगंज के प्रमोद उर्फ कल्लू यादव, मयाराम गांव के अंकित वर्मा व कुछ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। 24 सितंबर को प्रमोद यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। वहां उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। वहीं, शुक्रवार रात पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। अब शनिवार रात पुलिस ने नामजद अंकित के पड़ोसी को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिया गया युवक गांव की एक युवती को ले जाने के आरोप में छह साल की सजा काट चुका है।
एसएसआई सुखबीर कुशवाहा ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है। वीडियो में दिख रही युवती की पहचान कर ली गई है। बयान के लिए उसे बुलाया गया है।