टेम्पो ड्राइवर के साथ पुलिस का दुर्व्यवहार
‘योगी राज’ में बेपरवाह पुलिसवाले आज भी वही पुराने अंदाज में वर्दी का रौब दिखाकर जनता पर जुल्म ढा रहे हैं। ताजा मामला यूपी के फर्रुखाबाद शहर का है। जहां बैंक की कैश वैन पर टक्कर मारने वाले टेंपो चालक के गले में गमछा डालकर वर्दीधारियों ने उसे बेदर्दी से घसीटा। बाद में पुलिस ने टेंपो चालक को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल कराया। कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला होली भोलेपुर निवासी पंचम गुप्ता शनिवार की सुबह भोलेपुर क्रॉसिंग की ओर से खाली टेंपो लेकर फतेहगढ़ की ओर जा रहा था। पंचम शराब के नशे में धुत था। भोलेपुर हनुमान मंदिर के पास सामने से आ रही कोआपरेटिव बैंक की कैश वैन से जा भिड़ा। दुर्घटना के दौरान वैन का पहिया फट गया।
ड्राइवर के गले में गमछा डालकर घसीटा
टेंपो चालक को अंगौछे से घसीटता होमगार्ड का जवान
जोरदार आवाज से आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। टेंपो चालक के भी मामूली चोटें आ गई थीं। मौके पर भीड़ लग गई और पुलिस भी आ गई। नशे में होने के कारण चालक पुलिसकर्मियों से नोकझोंक करने लगा। इस पर होमगार्ड जवान रघुनाथ और आरएस यादव वहां पहुंचे और फिल्मी स्टाइल में टेंपो चालक के गले में गमछा डालकर घसीटते हुए ले गए। ये सब देख वहां मौजूद कई लोगों को पुलिसवालों का ये तरीका बहुत गलत लगा। बाद में कुछ लोग आ गए और चालक से दो हजार रुपये वैन चालक को दिलवा दिए गए। पुलिस ने टेंपो चालक का लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया। डॉक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि चालक शराब के नशे में था। कोतवाल अनूप निगम ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के कारण कोई लिखापढ़ी नहीं की गई।