मृतक विपिन बैसला और सुमेर की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के हरदोई जिले में मवेशी भरी डीसीएम को रोकने का प्रयास कर रहे बाइक सवार सिपाही और चौकीदार को डीसीएम ने रौंद दिया। चौकीदार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रुप से घायल सिपाही ने उपचार के लिए शाहजहांपुर ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक डीसीएम लेकर फरार हो गया। पुलिस की सूचना पर शाहजहांपुर जनपद के रोजा थाना क्षेत्र अंतर्गत मवेशी भरे दो डीसीएम पुलिस ने पकड़े हैं। घटना में मृत सिपाही के शव का पोस्टमार्टम शाहजहांपुर और चौकीदार के शव का पोस्टमार्टम हरदोई में कराया गया।
जनपद मुजफ्फरनगर के थाना मीरपुर अंतर्गत ग्राम कटिया निवासी विपिन बैसला (30) पुत्र चैन सिंह वर्ष 2016 बैच का सिपाही था। इन दिनों उसकी तैनाती पिहानी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जहानीखेड़ा चौकी पर थी। शुक्रवार की सुबह विपिन पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिदौरिया निवासी चौकीदार सुमेर (40) पुत्र सुबेदार के साथ बाइक पर लखनऊ दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-24 पर बाइक से गश्त कर रहा था। इसी दौरान मवेशी भरा डीसीएम संदिग्ध नजर आने पर विपिन ने उसका पीछा कर ग्राम धामापुर के निकट उसे ओवरटेक कर रुकने का इशारा किया। इस पर डीसीएम के चालक ने उसे बाइक समेत रौंद दिया और भाग निकला।