उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के शातिर अपराधी बिंडोला पर महोबा जिले के विभिन्न थानों में 27 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस की नजरों से बचने के लिए बिंडोला ने नाटक रच मिले अज्ञात शव की शिनाख्त अपने रूप में करवा दी, जिससे पुलिस का ध्यान उसके ऊपर से हट जाए और वह अपराध करता रहे।
पिछले 14 मई 2015 को मौदहा कोतवाली क्षेत्र के भवानी गांव के जंगल में पुलिस ने एक अधजला व क्षतविक्षत शव बरामद किया था। महोबा के खन्ना थाना व कस्बा निवासी शातिर अपराधी बिंदादीन उर्फ बिंडोला (24) के रूप में उसके परिजनों ने शिनाख्त की थी। इस मामले में बिंडोला के बड़े भाई हरीदास पुत्र मंगी प्रजापति की तहरीर पर खन्ना निवासी भगवानदीन उर्फ लल्लू, भाऊ पुत्रगण रतिया व रतिया पुत्र मसुवा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेजा गया था और मौजूदा समय में सभी जमानत पर हैं।