रूरा। थाना क्षेत्र के गेंदामऊ स्थित मोबाइल टॉवर परिसर से रविवार रात को चोर आधे घंटे के अंदर 144 बैटरी चोरी कर ले गए थे। सूचना पर छानबीन करने पहुंची पुलिस ने घटना को लेकर संदिग्धता जाहिर की थी, हालांकि मंगलवार को पुलिस ने मोबाइल टॉवर के साइट सुपरवाइजर की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है।
जालौन के चुर्खी थाना क्षेत्र के बहदौरी निवासी स्वर्ण सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह मोबाइल टॉवर का संचालन करने वाली ओएमसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में साइट सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। बताया कि रविवार रात दो बजे के करीब ओएमसी मुख्यालय लखनऊ की ओर से सूचना मिली कि गेंदामऊ साइट पर नो डाटा डिस्पले का अलार्म बजा है। इसके बाद टाॅवर के सीबीएच संजय प्रजापति ने कॉल कर बताया कि टॉवर परिसर में लगे बैटरी बैंक की लाइट व 144 बैटरी चोरी हो गई हैं।
इस पर उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो बैटरी व लाइन गायब थी। बता दें कि मामले में साइट सुपरवाइजर ने सोमवार को तहरीर दी थी, इसमें पुलिस की ओर से घटना स्थल पर सीसीटीवी कैमरे, गार्ड की तैनाती न होना व आधा घंटे में 144 बैटरी चोरी हो जाने को लेकर संदिग्धता जाहिर की गई थी। थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि मामले में टॉवर के साइट सुपरवाइजर की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में कई बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।