कानपुर मुठभेड़ के बाद पुलिस एक्शन में हैं। कानपुर की कल्याणपुर में हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के साथी दया शंकर अग्निहोत्री को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अग्निहोत्री को कल रात एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। मुठभेड़ में दयाशंकर के पैर में गोली लगी है। पुलिस और बदमाशों के बीच कल्याणपुर थाना इलाके में यह मुठभेड़ हुई थी।
कानपुर के विजयनगर राहुल स्वीट हाउस के बगल में रविवार सुबह पुलिस ने एक ऑडी और दो फॉर्चूनर कारों को कब्जे में लिया है। तीनों गाड़ी यही पर रातभर खड़ी थी। एक कार जय बाजपेयी और अन्य दो कारें भाजपा नेता की बताई जा रही हैं। पुलिस काकादेव थाने में पूछताछ कर रही है। कहीं इन कारों का विकास दुबे से तो कई संबंध नहीं है।
आपको बता दें कि कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में गुरुवार रात को कुख्यात अपराधी विकास दुबे और उसके साथियों से मुठभेड़ में आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। शहीदों में सीओ बिल्हौर, एसओ शिवराजपुर के अलावा दो दरोगा, चार सिपाही शामिल थे। शातिर बदमाशों ने गोलियों के अलावा बम और कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियारों से पुलिसकर्मियों पर हमला किया था। कई पुलिसकर्मियों के असलहे तक लूट लिए थे।
विकास दुबे और उसके साथियों ने सीओ बिल्हौर देवेंद्र मिश्र को वीभत्स तरीके से मारा था। हमला होते ही सीओ दीवार कूदकर एक घर में जाकर छिपे थे। बदकिस्मती से ये घर विकास के मामा का था। बदमाशों ने घर में घुसकर दीवार से सटाकर सीओ के सिर पर ताबड़तोड़ कई गोलियां मारीं। पूरा शव क्षत-विक्षत कर एक पैर भी काट दिया। घटनास्थल देख हर कोई सहम गया।