फर्रुखाबाद में दुर्घटना की सूचना पर घटनास्थल पर जा रहे दो सिपाही जुआ के फड़ पर पहुंच गए। सिपाहियों को देख शराब के नशे में धुत जुआरियों ने एक सिपाही को दबोचकर पीट दिया। सिपाही का लोहिया अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया गया।
सिपाही की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शहर कोतवाली क्षेत्र की कादरीगेट पुलिस चौकी पर बुधवार रात 11 बजे मसेनी की ओर दुर्घटना होने की सूचना मिली। इस पर दो सिपाही मौके पर रवाना हुए। सिपाही जब जा रहे थे तो बाग लकूला में एक स्थान पर जुआ होता दिखा।
दोनों सिपाही जुआरियों को पकड़ने के लिए पहुंच गए। सिपाहियों को देख कुछ जुआरी भाग गए। कई जुआरियों ने एकजुट होकर एक सिपाही को पकड़ लिया। दूसरा सिपाही वहां से बचकर भाग निकला। जुआरियों ने सिपाही के साथ मारपीट कर दी। उसने सूचना चौकी पर दी।
इसके बाद चौकी से फोर्स पहुंच गया लेकिन तब तक जुआरी सिपाही अरविंद को छोड़कर भाग गए। सिपाही अरविंद का लोहिया अस्पताल में रात में ही डाक्टरी परीक्षण कराया गया। चौकी प्रभारी हरिओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि सिपाही अरविंद कुमार की तहरीर पर बाग लकूला निवासी गोविंद पुत्र ज्ञानचंद्र, प्रभात, रवि पुत्रगण मूलचंद्र और नरेंद्र पुत्र महेश चंद्र समेत दस अज्ञात लोगों के खिलाफ एकजुट होकर मारपीट कर जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।