हमीरपुर में शराब पीकर सिपाही ने पुलिस लाइन में हंगामा किया। प्रतिसार निरीक्षक से अभद्रता करने पर कोतवाली पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिपाही को निलंबित कर दिया है।
बुधवार की रात करीब नौ बजे पुलिस लाइन में गणना का कार्य चल रहा था। तभी लाइन में तैनात सिपाही देवेंद्र कुमार शराब के नशे में आया और हंगामा करने लगा। जानकारी के अनुसार आरआई मुनेशबाबू राणा ने सिपाही को समझाने का प्रयास किया। मगर सिपाही उनसे ही उलझकर अभद्रता करने लगा।
इस पर लाइन से कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे कोतवाल केपी सिंह ने सिपाही को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। एसपी श्लोक कुमार ने बताया कि सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। बताया इसके पहले भी सिपाही शराब पीकर उत्पात मचा चुका है।