फतेहपुर में कानपुर प्रयागराज हाइवे पर बुधवार देर शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर से बाइक सवार सिपाही की सीधी भिड़ंत हो गई। घायल सिपाही को जिला अस्पताल लाया गया। यहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हेलमेट न लगाए होने के कारण सिर में गंभीर चोटें आई हैं। एसपी और अन्य पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल और घटनास्थल पहुंचे। परिजनों को खबर दी गई है।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला है। सिपाही एक हफ्ते पहले अवकाश लेकर घर गया था। हादसा हाइवे पर थरियांव थानाक्षेत्र के सीतापुर मोड़ पर हुआ। यहां हाइवे निर्माण की वजह से वनवे है। जान गंवाने वाला सिपाही विशाल यादव (24) पुत्र सूबेदार 2018 बैच का सिपाही था। जौनपुर जिले के बक्सा थानाक्षेत्र के मीरगंज गांव निवासी थे।
थरियांव थाने में 24 फरवरी 2019 को पहली पोस्टिंग मिली थी। वह शाम को एसएसआई उपदेश कुमार के साथ किसी काम से गए थे। एसएसआई को थाना गेट पर छोड़ने के बाद सीतापुर गांव सम्मन तामील कराने जा रहे थे। सीतापुर हाइवे मोड़ वनवे पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर से सीधी भिड़ंत हो गई। सिपाही बाइक से उछल कर दूर गिरा। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे।
सिपाही मौके पर ही बेहोश हो गया था। थरियांव पुलिस सिपाही को लेकर जिला अस्पताल आई लेकिन उसकी रास्ते में ही सांसे थम चुकी थीं। पुलिस महकमे में सिपाही की मौत से शोक की लहर दौड़ गई। एसपी प्रशांत वर्मा, सीओ सिटी संजय सिंह, थरियांव और शहर कोतवाली का फोर्स जिला अस्पताल पहुंचा। घटनास्थल का एसपी निरीक्षण करने पहुंचे। थरियांव पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए हैं।