नोएडा की तर्ज पर लागू होगी पुलिस कमिश्नरी
कानपुर नगर और ग्रामीण दोनों क्षेत्र होंगे अलग-अलग
नोएडा की तरह थानों को तीन जोन में बांटा जा सकता
सीपी होंगे एडीजी रैंक के और जेसीपी आईजी रैंक के
कानपुर शहर का पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम नोएडा की तर्ज पर लागू किए जाने की संभावना है। थानों को दो क्षेत्रों कानपुर नगर और ग्रामीण (आउटर) में बांटा गया है। ग्रामीण क्षेत्र के थाने कमिश्नरेट में नहीं लागू होंगे। नोएडा की तरह यहां पर तीन जोन में सभी थाने बांटे जाएंगे। एक-दो दिन में व्यवस्था लागू कर अधिकारियों की तैनाती किए जाने की उम्मीद है।
विज्ञापन
फरवरी 2020 में लखनऊ और नोएडा में पुलिस कमिश्नरेट लागू किया गया था। इसके बाद अमर उजाला ने अभियान चलाया था कि कानपुर में भी कमिश्नरेट सिस्टम लागू करने की जरूरत है। करीब सवा साल बाद प्रदेश सरकार ने गुरुवार को इस पर मुहर लगाई। कमिश्नरेट शहर के 34 थानों में लागू होगा, जिन्हें तीन जोन में बांटा जाएगा। लखनऊ में थानों को पांच जोन में बांटा गया है।
कुछ ऐसी होगी व्यवस्था
कानपुर में एडीजी रैंक के अफसर को पुलिस कमिश्नर बनाया जाएगा। आईजी रैंक के अफसर को जेसीपी (संयुक्त पुलिस आयुक्त) की जिम्मेदारी संभालेंगे। अपराध व कानून व्यवस्था के लिए अलग-अलग जेसीपी या अपर पुलिस आयुक्त तैनात किए जाएंगे।
विज्ञापन
अपर पुलिस आयुक्त डीआईजी रैंक के होंगे। हर जोन की जिम्मेदारी एक एसपी रैंक के अफसर की होगी, जिसका पद डीसीपी का होगा। सीओ रैंक के अफसर एसीपी (सहायक पुलिस आयुक्त) होंगे। इसके अलावा थाने स्तर पर जो व्यवस्था है, वही लागू रहेगी।
कानपुर कमिश्नरेट में 34 थानों को रखा गया है। इसमें कोतवाली, फीलखाना, मूलगंज, कलक्टरगंज, हरबंश मोहाल, बादशाही नाका, अनवरगंज, रायपुरवा, बेकनगंज, छावनी, रेलबाजार, चकेरी, कर्नलगंज, ग्वालटोली, कोहना, सीसामऊ, बजरिया, चमनगंज, स्वरूपनगर, नवाबगंज, काकादेव, कल्याणपुर, पनकी, बिठूर, बाबूपुरवा, जूही, किदवईनगर, गोविंदनगर, नौबस्ता, बर्रा, नजीराबाद, फजलगंज, अर्मापुर और महिला थाना शामिल है।
ग्रामीण क्षेत्र के थाने
ग्रामीण इलाके में 11 थाने रखे गए हैं। इसमें महाराजपुर, नर्वल, सचेंडी, बिल्हौर, ककवन, चौबेपुर, शिवराजपुर, घाटमपुर, साढ़, सजेती और बिधनू थाना शामिल है।