लॉकडाउन में मेडिकल स्टोरों को खुलने की अनुमति के बावजूद भी पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब नौ बजे कानपुर के चमनगंज में खुले दो मेडिकल स्टोर संचालकों और कर्मचारियों को पीट दिया। बाहर खड़े ग्राहकों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने पर उन्हें खदेड़ दिया।
मेडिकल स्टोर संचालकों को पीटने पर क्षेत्रीय लोग इकट्ठा हो गए और हंगामा करने लगे। बाद में बजरिया थाने के इंस्पेक्टर और क्षेत्रीय चौकी प्रभारी ने गलती मानी तब जाकर हंगामा शांत हुआ। सुबह करीब नौ बजे नाला रोड पर नूर मेडिकल स्टोर और साइन मेडिकल स्टोर के बाहर लोग दवा खरीदने के लिए खड़े थे।
बाकी सभी दुकानें बंद थीं। उधर से गुजर रहे बजरिया थाना के इंस्पेक्टर फोर्स के साथ वहां रुक गए। वहां दवा खरीदने वालों के बीच एक मीटर की दूरी न होने पर उन्हें खदेड़ा और बाद में नूर मेडिकल स्टोर के संचालक ताहिर और साइन मेडिकल स्टोर के संचालक फैजान को भी मारा।
दुकान में दवा निकालने वाले कर्मचारियों को भी पीटा। पुलिस की इस हरकत का लोगों ने विरोध किया और नारेबाजी हंगामा करने लगे। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से भी की गई। दोबारा बजरिया इंस्पेक्टर के आकर गलती स्वीकार करने पर लोग शांत हुए।