गिरफ्तार शातिरों के बारे में जानकारी देते एसपी आलोक प्रियदर्शी
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले में पिहानी कोतवाली पुलिस ने मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग के तीन शातिरों को रविवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 16 लाख रुपये की 15 चोरी की बैटरी बरामद हुई हैं। सभी बैटरी जिओ के मोबाइल टावर से चोरी की गई थीं। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जाजूपारा स्थित जिओ के मोबाइल टावर से शनिवार को तीन बैटरी चोरी हो गई थीं। पिहानी के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार, एसएसआई मोहम्मद कयूम और जहानीखेड़ा चौकी प्रभारी संजीव कुमार शर्मा चोरों की तलाश में लगे थे।
इसमें सर्विलांस टीम के निरीक्षक राकेश उपाध्याय की भी मदद ली गई। सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी आलोक प्रियदर्शी ने चोरी की घटना का खुलासा किया। बताया कि रविवार देर शाम पिहानी-चपरतला मार्ग पर सहादतनगर तिराहे के पास पुलिस टीम ने कार को चेकिंग के लिए रोका तो इसमें सवार लोग भागने लगे।
ई-रिक्शा चालक से बना बैटरी चोर
पुलिस ने मौके से मिराज खां पुत्र सुल्तान निवासी मोहल्ला गौरी पट्टी थाना लोनी जनपद गाजियाबाद, सुहेब पुत्र कमाउद्दीन अल्वी निवासी मुफ्ताफाबाद ब्रजपुरी थाना गोकुलपुरी दिल्ली और दिलशाद पुत्र इलियास निवासी घाटपंचौली बागपत रोड थाना जानी जनपद मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
इन लोगों ने शाहजहांपुर के मिरानपुर कटरा, तिलहर, रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्रों के अलावा लखीमपुर के पसिगवां थाना क्षेत्र के ग्राम मोहिद्दीनपुर और हरदोई के पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जाजूपारा स्थित मोबाइल टावर से बैटरी चोरी किए जाने की बात स्वीकार की। इन लोगों के पास से पेंचकस, वायर कटर, रिंच, टूल किट और रस्सी बरामद हुई है। प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी पूर्वी ज्ञानंजय सिंह, सीओ सदर शैलेंद्र सिंह राठौर आदि मौजूद रहे।
ई-रिक्शा चालक से बना बैटरी चोर
पुलिस से जुड़े विश्वस्त सूत्रों की मानें तो मिराज खान गाजियाबाद के लोनी में ई-रिक्शा चलाता था। रिक्शे की बैटरी की मरम्मत भी करता था। उसकी दोस्ती लोनी में कई ऐसे लोगों से थी जो ई-रिक्शा की मरम्मत के लिए वर्कशॉप चलाते हैं। पुलिस की मानें तो आरोपी दिन में हेलमेट लगाकर टावर के आसपास रहने वालों को जिओ का कर्मचारी बताकर टावर पर चढ़ जाते थे और बैटरी चुरा लेते थे। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि इन लोगों ने शुरुआती दौर में गाजियाबाद में एक-दो टावर से बैटरी चोरी की। इसके बाद वारदातें बढ़ गईं।
तीनों शातिरों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि आरोपी मिराज के विरुद्ध गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में दो, मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में एक, शाहजहांपुर के थाना कटरा और रामचंद्र मिशन में एक-एक मामला दर्ज है। दिलशाद के विरुद्ध भी गाजियाबाद के लोनी में दो, मेरठ के परतापुर में एक, शाहजहांपुर के कटरा, रामचंद्र मिशन और तिलहर थाने में एक मामला दर्ज है। सुहेब के विरुद्ध शाहजहांपुर जनपद के कटरा, रामचंद्र मिशन और तिलहर में रिपोर्ट दर्ज है।