यूपी के महोबा जिले में कस्बा खरेला में बस स्टैंड के पास दुकान में कोल्ड ड्रिंक पी रहे बराती को दो दबंगों ने गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तब तक आरोपी भाग निकले। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर सीओ चरखारी व कोतवाली प्रभारी ने पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ की।
कस्बा खरेला के मोहल्ला मानिक में रविवार की रात भागीरथ प्रजापति की पुत्री की शादी थी। बरात थाना कबरई के ग्राम उटिया से आई थी। रात करीब 10 बजे गाजे-बाजे के साथ संतोष की बरात दरवाजे पर पहुंची। सोमवार की दोपहर विदाई की रस्म चल रही थी। तभी भीषण गर्मी होने के चलते एक बराती छिद्दू (30) पुत्र बब्बू प्रजापति कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए सड़क पर स्थित दुकान पहुंच गया।
कोल्डड्रिंक पीने के दौरान पहले से बैठे दो दबंगों ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर एक युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली जांघ में लगने से छिद्दू अचेत होकर गिर गया। आरोपी मौके से भाग निकले।