बड़ा सुनाथ गांव में तैनात पुलिस बल
- फोटो : AKBARPUR
झींझक (कानपुर देहात)। मंगलपुर थाना क्षेत्र के बड़ा सुनाथा गांव में सोमवार को खेतों पर रखा पंपिंग सेट गिराने के शक में दो पक्षों में लाठी डंडे चले थे। जिसमें दोनों पक्षों से 10 लोगों को चोट आई थी। बुधवार को गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस लाइन से गारद तैनात की गई है।
15 नवंबर की सुबह बड़ा सुनाथा गांव निवासी चंदन यादव के खेत में रखा पंपसेट किसी ने जमीन पर गिरा दिया था। शक के आधार पर चंदन ने गांव के लालू, अंशुल, भोले व भानु व अन्य लोगों ने रिंकू गौतम के घर पहुंचकर शिकायत की थी। कुछ लोग गालीगलौज करने लगे। रिंकू की तरफ से भी विकास, धर्मेंद्र, नागेंद्र व खुशीलाल वहां पहुंच गए और दोनों पक्ष में लाठी डंडे चल गए। दोनों पक्ष के दस लोग घायल हुए थे। पुलिस ने अनुसूचित जाति पक्ष की तहरीर पर दूसरे पक्ष के 17 नामजद व 10 से 15 अज्ञात के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट की तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। तभी से गांव में तनाव बना हुआ है। पहले गांव में झींझक चौकी के फोर्स को लगाया गया था, लेकिन गांव में शांतिभंग की आशंका लगातार बनी है।
बुधवार को पुलिस लाइन से एक निरीक्षक, एक एसआई, एक हेड कांस्टेबल व सात कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई है। मंगलपुर थाना प्रभारी आमोद कुमार ने बताया कि सुनाथा गांव में तनाव को देखते हुए गारद की तैनाती की गई है। सभी को स्कूल के एक कमरे में रुकने की व्यवस्था की गई है। गांव के शरारती तत्वों की सूची तैयार कराकर शांतिभंग की आशंका में पाबंद भी कराया जाएगा।
-