उरई के जालौन में जन औषधि केंद्र की महत्ता को लेकर गुरुवार को जिला अस्पताल परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सजीव प्रसारण दिखाया गया। इसमें मोदी ने न सिर्फ लाभार्थियों से बात की, बल्कि जन औषधि केंद्र के व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
जिला अस्पताल स्थित जन औषधि केंद्र के बाहर लाइव प्रसारण में प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछली सरकार में छह साल में 80 जन औषधि केंद्र खोले गए थे, जबकि उनके कार्यालय में करीब पांच हजार केंद्र खोले गए हैं। इन केंद्रों में बाजार मूल्य से 50 से 90 फीसदी कम दर पर दवाएं उपलब्ध है।
हजारों रूपये की दवा अब सिर्फ इतने में मिलेगी
एक लाभार्थी ने बताया कि पहले दो दवा खरीदने में तीन हजार रुपये तक खर्च हो जाते थे, वह अब 500 से 1000 रुपये तक में मिल रही हैं। प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन केंद्रों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
आम आदमी को इसका लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा, सीएमओ डा. अल्पना बरतारिया, क्षय रोग अधिकारी डा. सुग्रीव बाबू, सीएमएस डा. एके सक्सेना स्वास्थ्य विभाग के संतोष वर्मा, शशि कुमार त्रिपाठी, चंद्रशेखर, आरपी भदौरिया, नरेश निगम आदि मौजूद रहे।