3.2 किमी है पार्किंग स्थल का दायरा
जनसभा में आने वाली भीड़ को देखते हुए 24 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जिनमें 1600 कारों व 1500 बसों के रुकने की व्यवस्था की गई। पार्किंग स्थल का दायरा 3.2 किलोमीटर रखा गया है। इन स्थलों पर जनसभा मैदान तक पहुंचने के लिए दूरी बताते संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं। इममें से 12 चिह्नित पार्किंग स्थलों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था भी है। जनसभा स्थल के पास के तीन पार्किंग स्थलों की नगर निगम के सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सीएसए व एचबीटीयू पार्किंग स्थल पर एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीमों की तैनाती रहेगी
789 बसों से लाभार्थियों को लाया जाएगा
लाभार्थियों को लाने के लिए 789 बसों का इंतजाम किया गया है। इनमें 522 बसों से विभागीय लाभार्थी और 267 बसों से अन्य लाभार्थियों को लाया गया है। लाभार्थियों को लाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 105 व शहरी क्षेत्र में 45 पिकअप प्वाइंट बनाए गए।तीन अलग-अलग फर्मों के माध्यम से 40 हजार लंच पैकेट वितरित होंगे। जनसभा तक पहुंचने के लिए पांच मुख्य प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। इनसे ही लोग अंदर जाएंगे।
जुमे की वजह से शहर की सुरक्षा करेंगे स्थानीय अधिकारी
आज जुमा है और जुमे के दिन प्रधानमंत्री कानपुर आ रहे हैं। कानपुर में तीन जून को होने वाला उपद्रव भी जुमे के दिन ही हुआ था। कुछ दिन पहले ही वक्फ बिल को लेकर शहर में तनाव का माहौल था। आज होने वाली पीएम की सभा और जुमे की नमाज का समय भी आस पास का ही है, लिहाजा संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में एसीपी और इंस्पेक्टर के साथ थाने की पुलिस तैनात की गई है। पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने पूरे शहर में लगातार गश्त करने और पीआरवी को एक्टिव रहने को कहा है। छोटी से छोटी सूचना पर एसीपी और थाने की पुलिस को मौके पर पहुंचने के लिए कहा गया है।
कैमरों से होगी निगहबानी
शहर में लगे 2000 से ज्यादा कैमरों और हर चौराहे पर लगे पीए (पब्लिक एड्रेस) सिस्टम को चेक किया गया है। आईटीएमएस और पुलिस कंट्रोल रूम को साथ ही जहां जहां कैमरों का एक्सेस दिया गया है। वहां की चेकिंग कर ली गई है. सोशल मीडिया सेल को लगातार संदिग्ध सोशल मीडिया हैंडलर्स पर नजर रखने के लिए कहा गया है। साइबर सेल की स्पेशल टीम संदिग्ध मोबाइल नंबरों पर निगाह रखे है।
सुरक्षा व्यवस्था में ये हैं शामिल
इंटेलीजेंस की एक टीम कई संदिग्ध लोगों पर नजर रखे हैं। शहर के हर थाने में पड़ने वाले होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, सराय मॉल्स और मेन मार्केट पर पुलिस की पैनी निगाह है। खुले रेलवे ट्रैक की निगरानी आरपीएफ और जीआरपी के साथ संबंधित थाने की पुलिस की जिम्मेदारी पर सौंपी गई है। पीएम की जनसभा की सुरक्षा का जिम्मा 13 एसपी, 17 एडिशनल एसपी, 58 डीसीपी, 92 इंस्पेक्टर, 688 दरोगा, 1007 सिपाही और 16 कंपनी पीएसी को दिया गया है।
मिनट टू मिनट प्रोग्राम
02:10 : चकेरी एयरपोर्ट पर हेलीकॉप्टर लैंडिंग
02:16 : चकेरी एयरपोर्ट से सीएसए प्रस्थान चॉपर से
02:23 : सीएसए में चॉपर लैंडिंग
02:30 : मंच पर आगमन
02:45 : सीएम डॉयस पर करेंगे पीएम का स्वागत
02:50 से02:57 सीएम योगी आदित्यानाथ की वेलकम स्पीच
02:57 से 03:10 : उद्घाटन समारोह
03:10 से 03:45 : पीएम नरेंद्र मोदी का भाषण
03:45 : पीएम का प्रस्थान सीएसए से
03:53 : चकेरी एयरपोर्ट आगमन
04:00 : चकेरी से प्रस्थान