कानपुर। आईपीएल मैच के बाद ग्रीनपार्क स्टेडियम में नए प्लेयर्स पैवेलियन का निर्माण शुरू हो जाएगा। काम पूरा होने में करीब पांच महीने लगेंगे। नया पैवेलियन बनने से यूपीसीए ब्लाॅक से सटे बी ब्लाॅक में 1582 सीटें बढ़ जाएंगी। मौजूदा समय में ग्रीनपार्क में 32,753 सीटें हैं। निर्माण के लिए प्रदेश सरकार 13 करोड़ रुपये पहले ही जारी कर चुकी है। नए पैवेलियन का काम एक अप्रैल से शुरू होना था लेकिन आवास-विकास परिषद और खेल विभाग की लापरवाही से तय समय पर काम शुरू नहीं हो पाया। पांच मई को स्टेडियम का निरीक्षण करने आई प्रमुख सचिव खेल अनिता भटनागर जैन ने इस पर नाराजगी भी जताई। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ऊषा लाल ने बताया कि सरकार ने नए पैवेलियन के लिए 38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें 13 करोड़ रुपये जारी भी हो चुके हैं। वहीं आवास विकास परिषद के अधिशासी अभियंता एचके वाधवा के मुताबिक यूपीसीए ब्लाॅक और स्कोर बोर्ड वाले स्थान पर नया पैवलियन बनाया जाएगा।\
कल आएंगे फ्रेंचाइजी के मालिक
मैच की तैयारियों के लिए गुजरात लायंस के पदाधिकारियों के आने के बाद गुरुवार को फ्रेंचाइजी के मालिक केशव लाल भी शहर पहुंच रहे हैं। वे मैच संबंधी तैयारियों की जानकारी लेंगे।
18550 टिकटें बुक, 14203 बाकी
आईपीएल मैचों के लिए दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। स्टेडियम की 32,753 टिकटों में से 18,550 टिकटें अब तक बुक हो चुकी हैं। इन टिकटों की कीमतें 500-1500 के बीच थी। अब 2500, 3000, 5000 वाली टिकटें हीं बची हैं। बताया गया कि बी स्पेशल की 1675, बी जनरल की 4000, बी गर्ल्स की 150, सी बालकनी की 4800, सी स्टाल की 5500, डीचेयर की 1500, डी इंवीटेशन की 725, ई-पब्लिक की 200 सीटें बुक हो चुकी हैं। इन दर्शक दीर्घाओं के टिकट रेट क्रमश: 500, 750, 1000, 1500 रुपये थी।
आईपीएल में सस्ते बॉक्स
ग्रीनपार्क स्टेडियम में बने पैवेलियन बॉक्स, वीआईपी बॉक्स, डायरेक्ट्रेट बॉक्स में आईपीएल मैच का लुत्फ उठाना सस्ता है। इन सभी बॉक्स में प्रति सीट 8000 रुपये निर्धारित किए गए है। एक बॉक्स में 10 लोगों के एक साथ बैठने की व्यवस्था रहती है। इस प्रकार यह बॉक्स 80,000 में बुक कराए जा सकते हैं। वनडे मैच में इन बॉक्सों के रेट लाखों में होते हैं।
छह स्थानों से परफार्म करेंगी चीयर्स लीडर्स
आईपीएल मैचों के दौरान स्टेडियम के छह स्थानों पर चीयर्स लीडर्स परफार्म करेंगी। इसके लिए डायरेक्टर पैवेलियन, ई बालकनी, सी स्टाल, बी स्पेशल, यूपीसीए इंवीटेशन के सामने की जगह चिह्नित कर ली गई है। चीयर्स लीडर्स जिस स्टैंड पर परफार्म करेंगी उसे बनाने का काम शुरू हो गया है।
यह होगा निर्माण
प्लेयर्स पैवेलियन में बीसीसीआई ब्लाक, यूपीसीए ब्लाक, दो टीमों के खिलाड़ियों के ड्रेसिंग और डाइनिंग रूम, खिलाड़ियों के लिए ब्लाक, हाईटेक जिम, अंपायरों के लिए ब्लाक, मैच रेफरी के लिए रूम, एंटी करप्शन विंग के लिए भी ब्लाक का निर्माण होगा।