ग्रीनपार्क स्टेडियम में प्लेयर्स रूम और प्लेयर्स पवेलियन के बजट की फाइल को खेल विभाग ने हरी झंडी दे दी है। सब कुछ ठीक रहा तो इस वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले वित्त विभाग इसके लिए 35.31 करोड़ रुपये का बजट पास कर देगा।
इसके साथ ही ग्रीनपार्क स्टेडियम को मिलने वाले मैच से पहले सारी समस्याएं दूर हो जाएंगी और यहां के दर्शकों को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच देखने को मिलेंगे। पिछले साल 27 नवंबर को ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज सीरीज का तीसरा वनडे खेला गया था।
मैच के समय जिला प्रशासन, यूपीसीए और तत्कालीन खेल मंत्री नारद ने तय किया था यहां नए ड्रेसिंग रूम बनवाएं जाएंगे। इसके बाद डीएम डॉ. रोशन जैकब और एडीएम सिटी अविनाश कुमार सिंह ने पहल करते हुए एमएचपीएल प्राइवेट लिमिटेड से प्लेयर्स रूम और प्लेयर्स पवेलियन की डिजाइन और स्टीमेट तैयार करवाया।
इस डिजाइन में संशोधन करते हुए एक फ्लोर मुख्यमंत्री और बीसीसीआई अधिकारियों के लिए बनवाया गया। मुख्यमंत्री ने संशोधित डिजाइन दिखाया गया तो उन्होंने इसे फौरन पास कर दिया और 15 करोड़ रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी कर दी।
खेल विभाग के प्रमुख सचिव भुवनेश कुमार ने बताया कि डिजाइन काफी अच्छा है और आईसीसी के मानकों के मुताबिक है। जिसे हमलोगों ने पास करके कार्यदाई संस्था उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद को दिया है।
अधिकारी बोले
ग्रीनपार्क स्टेडियम में डायरेक्टर पवेलियन और वीआईपी गैलरी का निर्माण हमलोगों ने कराया था। इसके चलते इस डिजाइन का प्रापोजल दिया गया है। फाइल अब वित्त विभाग के पास है, यहां से बजट निर्गत होते ही ग्रीनपार्क में काम शुरू हो जाएगा।
-एसपीएन सिंह, अधिशासी अभियंता, उप्र आवास विकास परिषद