सभा में बोलते संघ के अध्यक्ष संजीव पाठक।
- फोटो : संगठन
कानपुर। उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ की कार्यकारिणी सभा मंगलवार को लखनऊ स्थित एक होटल में हुई। इसमें संघ के अध्यक्ष संजीव पाठक के नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों के लिए होने वाली यूपी कप प्रतियोगिता को पूर्ण राज्य रैंकिंग का दर्जा दिया गया। अब इसमें सभी वर्गों के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
प्रदेश में खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक और रैंकिंग प्रतियोगिता की घोषणा की गई। यह प्रतियोगिता अलीगढ़, लखनऊ, बरेली, कानपुर व गोरखपुर में होंगी। सभा में बताया गया कि इस वर्ष स्टेट चैंपियनशिप गौतमबुद्धनगर में खेली जाएगी।
2025-26 में खेल निदेशालय व प्रदेशीय क्रीड़ा संघों के समन्वय से प्रदेशीय प्रतियोगिताएं कराने के लिए प्रस्ताव निदेशक खेल को भेजा गया। सब जूनियर प्रतियोगिता का आयोजन जुलाई में झांसी में, जूनियर प्रतियोगिता अगस्त में गोरखपुर में, सीनियर प्रतियोगिता सितंबर में रायबरेली में कराने पर सहमति बनी।
वेटरन रैंकिंग प्रतियोगिताएं आगरा, पीलीभीत व स्टेट चैंपियनशिप इलाहाबाद में होगी। पैरा खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं लखनऊ व कानपुर में होंगी। इस वर्ष से सभी खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन जिला टेबल टेनिस संघ के माध्यम से ऑनलाइन किया जाएगा।