औरैया स्थित प्लास्टिक सिटी में बाकी बचे विकास कार्यों को अमली जामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उप्र राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडीसी) ने यहां कंक्रीट की सड़क निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया था। बुधवार को टेंडर खोला जाएगा। इसके साथ ही बुधवार को ही कन्नौज में प्रस्तावित परफ्यूम पार्क की बाउंड्री वॉल बनाने के लिए निर्माण कंपनी का चयन हो सकता है।
बीते दिनों निगम अधिकारियों, उद्यमियों संग बैठक में कमिश्नर मो. इफ्तेखारुद्दीन ने सिटी में विकास कार्य तेज करने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में विकास कार्यों की शुरुआत की जा रही है। यहां 45 करोड़ रुपये से विकास कार्य भी प्रस्तावित है। योजना में सिर्फ 20 फीसदी काम ही बचा है।
इसके साथ ही कन्नौज के ठठिया में प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय परफ्यूम पार्क और म्यूजियम की 19 करोड़ रुपये से बाउंड्री वॉल बनाई जानी है। इसके टेंडर भी बुधवार को ही खुलेंगे। निर्माण कंपनी का चयन होते ही इसी माह मौके पर काम शुरू हो जाएगा।