कानपुर देहात। वन विभाग की पहल पर शनिवार को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर डीएम आवास परिसर व ईको पार्क में पौधे लगाए गए। अकबरपुर में कुंभी स्थित कचरा निस्तारण प्लांट, झींझक, शिवली आदि स्थानों पर पौधे लगाकर लोगों ने उनकी सुरक्षा की शपथ ली।
डीएम आवास में डीएम जेपी सिंह ने पत्नी के साथ अशोक, जामुन, आम, इमली, आंवला के पांच पौधे रोपे। यहां डीएफओ अशोक चंद्र व अन्य स्टाफ कर्मी मौजूद रहे। वहीं माती ईको पार्क में डीएम, एसपी केशव कुमार चौधरी, सीडीओ सौम्या पांडेय आदि ने अशोक, जामुन, आम, इमली, आंवला व गुलमोहर के छह पौधे लगाए। यहां डीएम ने कहा कि हरियाली से ही धरती पर जीवन है।
धरती पर हरियाली बढ़े इसके लिए सभी को पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का दायित्व निभाना चाहिए। यहां एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा व एडीएम वित्त एवं राजस्व साहब आदि रहे। कुंभी स्थित कचरा निस्तारण प्लांट में क्वालिटी हेड शिप्रा कनौजिया ने पारिजात, बोतल पॉम व पीपल के पौधे लगाए। यहां परियोजना प्रबंधक बसंत कुमार, देवेंद्र सिंह, राहुल राय, लोकेश तेजा, ईशान सोनकर मौजूद रहे।
हरियाली बढ़ाने को प्रधानों ने भी लगाए पौधे
झींझक। नासर सेड़ा ग्राम पंचायत के कमलाबाग में ग्राम प्रधान महेेंद्र यादव की मौजूदगी में आम व अमरूद के पांच पौधे रोपे गए। यहां वन दरोगा शिवम पांडेय, वन रक्षक इरसाद अली, रामचंद्र रहे। वन दरोगा ने बताया कि हरियाली बढ़ाने के लिए पौधे लगाने के इच्छुक परजनी व नहिली रोड की नर्सरी से पौधे ले सकते है। खम्हैला में ग्रेपलिंग खिलाड़ी माया कोरी ने आम का एक पौधा लगाया।
केेंद्रीय विद्यालय के छात्र शिवम ने तिगाई में छायादार पौधा लगाया। यहां पुनीत दीक्षित मौजूद रहे। रसूलाबाद के क्षेत्रीय वन कार्यालय में आम, नीम व पीपल का एक-एक पौधा लगाया गया। यहां वन रेंजर अरविंद शुक्ला, दरोगा मोहित श्रीवास्तव, दिनेश सिंह तोमर, साहबलाल व सुघर सिंह मौजूद रहे।
संदलपुर के जलालपुर डेरापुर में प्रधान निधि कटियार ने पौधे लगाए। यहां सचिव मनोज कुमार कनौजिया, साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष विनोद कटियार, राजकीय बीज भंडार के प्रभारी अनिल कुमार पाल मौजूद रहे।
बाघपुर चौकी इंचार्ज ने दान किए 101 पौधे
कानपुर देहात/शिवली। मैथा में थाने की आरक्षित भूमि पर एसपी केशव कुमार चौधरी ने शनिवार को अर्जुन का पौधा रोपा। यहां एएसपी घनश्याम चौरसिया, एसडीएम रामशिरोमणि, बीडीओ प्रभात गुप्ता, इंचार्ज थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह व चौकी प्रभारी संजीव सिंह मौजूद रहे। बाघपुर चौकी प्रभारी अवनीश कुमार वर्मा ने 101 लोगों को आम के पौधे वितरित किए।
वहीं मैथा तहसील में एसडीएम, तहसीलदार रामशंकर, तहसीलदार न्यायिक पूर्णिमा सिंह व अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने 11 पौधे लगाए। शिवली के रामेश्वर आईटीआई परिसर में प्रबंधक डॉ. रामशरण तिवारी ने अमलतास के पौधे लगाए। अकबरपुर कोतवाली परिसर में कोतवाल तुलसीराम ने पीपल, बरगद, जामुन, अनार, अमरुद, कंजी, अशोक, नीबू, शहतूत सहित तीन सौ पौधे लगाए।
पोस्टर बनाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कानपुर देहात। अकबरपुर के राजकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पोस्टर बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। महाविद्यालय के छात्रों ने पॉलिथीन के प्रयोग को रोकने और हरियाली बढ़ाने के संदेश देती पेंटिंग बनाई।
पेंटिंग का ऑनलाइन परीक्षण कर बेहतर प्रदर्शन पर सुमित कुमार, डाली, रीता विश्वकर्मा व विभा ओमर को पुरस्कृत करने का निर्णय महाविद्यालय के प्राचार्य भुवनेश कुमार श्रीवास्तव ने लिया। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तहत डॉ. नीलम मौर्या असिस्टेंट प्रोफेसर अर्थशास्त्र के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण के लिए ऑनलाइन जागरूकता माह मनाने की रूपरेखा बनाई गई।