कानपुर। विजयनगर में फायर स्टेशन के पास शुक्रवार को जलनिगम की पुरानी पाइपलाइन फटने से लाखों लीटर पानी सड़क पर बह गया। तेज फव्वारा निकलने से सड़क और आसपास की गलियों में जलभराव हो गया, जबकि यातायात भी बाधित रहा। सूचना पर जलनिगम ने बैराज से पानी की आपूर्ति बंद कराई। जलनिगम के अवर अभियंता अनिल निगम ने बताया कि पुरानी सीआरपी पाइपलाइन में लीकेज के कारण यह घटना हुई। मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है।
वीआईपी रोड पर नाला चोक, आधी सड़क पर जलभराव
कानपुर। वीआईपी रोड पर ओल्ड पावर हाउस के सामने नाला चोक होने से नालियां ओवरफ्लो हो रही हैं। करीब एक सप्ताह से सड़क के आधे हिस्से में जलभराव है। 30 फीट चौड़ी सड़क पर महज 15 फीट जगह ही आवागमन के लिए बची है। इससे राहगीरों को परेशानी के साथ जाम की समस्या भी झेलनी पड़ रही है। इसके बावजूद जलकल ने अब तक सफाई कार्य शुरू नहीं कराया है।