झींझक के आजाद नगर मोहल्ले में पाइप लाइन मरम्मत के लिए पानी निकालते कर्मी। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
झींझक। एक कंपनी का केबल डालने के लिए चलाई जा रही ड्रिल मशीन से आजाद नगर मोहल्ले को जाने वाली पेयजल पाइप लाइन मुख्य मार्ग पर फट गई। इससे करीब तीन सौ घरों में जलापूर्ति बाधित हो गई और सड़क पर जलभराव हो गया। नगर पालिका कर्मियों ने पाइप लाइन मरम्मत कार्य शुरू किया है।
झींझक नगर के मंगलपुर-रसूलाबाद सड़क किनारे रविवार की रात रिलायंस कंपनी का केबल डाला जा रहा था। इसके लिए पोरवाल गली में ड्रिल मशीन चलाई जा रही थी। इस दौरान आजाद नगर मोहल्ले को जाने वाली पेयजल पाइपलाइन फट गई।
इसे मोहल्ले के करीब तीन सौ घरों में पानी की सप्लाई बाधित हो गई। मुख्य मार्ग पर जलभराव के साथ कीचड़ हो गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार को नगर पालिका कर्मियों ने टूटी पाइप लाइन की मरम्मत शुरू की, जो शाम तक जारी रही।
सभासद कन्हैया पोरवाल व प्रदीप शर्मा ने बताया कि पाइप लाइन टूटने से मोहल्ले में पानी की समस्या हो हुई है। नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक उमाकांत दीक्षित ने बताया कि फटी पाइपलाइन की मरम्मत कराई जा रही है। जल्द ही सप्लाई शुरू कराई जाएगी।