भीतरगांव (घाटमपुर)। विकास खंड क्षेत्र के गहोलिनपुरवा गांव में आठवें दिन भी कबूतर व घुघुवार (रात में डरावनी आवाज करने वाला) पक्षी मृत पाए गए हैं। ग्रामीणों ने रैपिड एक्शन टीम को जानकारी नहीं दी तो दोपहर बाद दोनों मृत पक्षियों को कुत्तों ने उठा कर अपना निवाला बना लिया।
ज्ञात हो कि भीतरगांव विकास खंड क्षेत्र के गहोलिनपुरवा गांव में नौ जनवरी को बीस से अधिक कौवे मृत मिलने से हड़कंप मचा था। तब से कई दिन लगातार कौवों के मरने का सिलसिला जारी था। रविवार को आठवें दिन फिर गांव में बाबूराम कुरील के घर के सामने सीसी रोड में एक मृत कबूतर का शव पड़ा मिला।
इसके बाद गांव बाहर डामर रोड में पेड़ के नीचे एक घुघुवार पक्षी का भी शव पड़ा मिला। हालाकि किसी भी ग्रामीण ने रैपिड एक्शन टीम को सूचित नहीं किया। इसके बाद रविवार दोपहर बाद मृत कबूतर व घुघुवार को कुत्ते उठा ले गए। रैपिड एक्सन टीम प्रभारी डा. अच्छेलाल वर्मा ने बताया कि कबूतर और घुघुवार पक्षी के शव मिलने की सूचना नहीं मिली है।