कानपुर में शास्त्री नगर के वार्ड 91 में दिल्ली से आए व्यक्ति के पॉजिटिव निकलने के बाद उसके घर वाली गली को सील कर दिया गया। शनिवार सुबह चार बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम उन्हें घर से ले गई। क्षेत्रीय पार्षद राघवेंद्र मिश्रा ने पूरे क्षेत्र में सैनिटाइजेशन कराया।
पार्षद ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार देर रात ही सीएमओ को दिल्ली से आए व्यक्ति के पॉजिटिव होने की जानकारी दी थी। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम शनिवार को आई। संक्रमित व्यक्ति 8 दिन पहले दिल्ली से आकर अपने माता-पिता के साथ यहां रह रहा था और मोहल्ले के बच्चों के साथ क्रिकेट भी खेला।
उनके साथ क्रिकेट खेलने वाले बच्चों को होम क्वारंटीन कराया गया है। पूरे मोहल्ले को नगर निगम से गाड़ी मंगाकर सैनीटाइज कराया गया। क्षेत्र में बाहर से आए 12 अन्य लोगों को भी जांच के लिए भेजा गया है।