केडीए में मानचित्र अदालत में नक्शा देखते लोग।
- फोटो : amarujala
केडीए में शुक्रवार को लगी मानचित्र अदालत में नक्शे पास कराने से ज्यादा लोगों ने संशोधित बिल्डिंग बाइलॉज की जानकारी ली। अवैध निर्माण के कारण सील हुई इमारतों के आवंटी बाइलॉज के जरिए सील खुलवाने की जुगत में दिखे। दूसरी ओर मानचित्र अदालत में नक्शों से संबंधित 22 और कंपाउंडिंग के 9 मामले दर्ज हुए।
इनमें 80 के दशक तक के नक्शों के आवेदन मिले। केडीए अधिकारियों ने मामलों के निस्तारण के लिए शनिवार का समय दिया है। कंपाउंडिंग के लिए पहुंचे लोगों ने नए बाइलॉज के मुताबिक सील खोलने के आवेदन दिए। केडीए अधिकारियों ने परीक्षण कराकर कार्रवाई की बात कही। बड़ी संख्या में लोग आवेदन की जगह सिर्फ जानकारी करने पहुंचे।
केडीए अधिकारी अनंत सफरीवाल ने बताया कि दर्ज हुई समस्याओं को एक आईडी नंबर दिया गया है। इसके जरिए शनिवार को आवंटी अपनी समस्याओं पर हुई कार्रवाई की जानकारी ले सकते हैं।
आज होंगी 100 से अधिक रजिस्ट्री
कानपुर (ब्यूरो)। केडीए का रजिस्ट्री कैंप शनिवार को रजिस्ट्रार ऑफिस के बाहर लगेगा। कैंप से पूर्व केडीए अधिकारियों ने शुक्रवार को रजिस्ट्री से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कीं। केडीए अधिकारियों के मुताबिक 100 से अधिक रजिस्ट्री शनिवार को होंगी।
250 से अधिक इमारतें सील
एक अनुमान के मुताबिक केडीए ने शहर में 250 से अधिक इमारतों में सीलिंग की कार्रवाई की है। इनमें से अधिकतर बेसमेंट, बालकनी अधिक बना लेने के कारण सील हैं। नए बाइलॉज में बेसमेंट को 100 फीसदी बनाने की अनुमति दी गई है। आवेदन करने पर ऐसी इमारतों की सील खुल सकती है। किसी भी अवैध निर्माण में सिर्फ कंपाउंडिंग लिमिट तक ही लाभ मिल सकता है। इससे अतिरिक्त निर्माण को हटाने के बाद ही कंपाउंडिंग हो सकेगी। हालांकि इसके लिए पहले केडीए में आवेदन करना होगा।