कानपुर में गैर राज्यों में फंसे मजदूरों को उनके गृह जनपदों में भेजने के लिए चलाई गईं श्रमिक स्पेशल ट्रेनों और रोडवेज बसों की जानकारी पर आम यात्री भी स्टेशन और बस अड्डे पहुंचने लगे हैं। तमाम लोगों को इन स्पेशल ट्रेनों और बसों के संचालन की वजहों का पता नहीं है। स्टेशन और बस अड्डों से इन लोगों को वापस किया जा रहा है।
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रोजाना आम लोग पहुंच रहे हैं। रविवार को अहमदाबाद से कानपुर तक आई स्पेशल ट्रेन की जानकारी मिलने पर सोमवार को तमाम लोग परिवार के साथ ट्रेन पकड़ने सेंट्रल आ गए।
यहां मौजूद रेलवे स्टाफ ने बताया कि अभी 17 मई तक यात्री ट्रेन का संचालन तक नहीं होना है और न किसी तरह के टिकटों की बिक्री, बुकिंग या निरस्तीकरण होना है। बस अड्डे पर भी यही हाल रहा।
फिलहाल कोई यात्री ट्रेन नहीं चल रही है। श्रमिक स्पेशल ट्रेनें भी राज्य सरकारों की आपसी सहमति पर चल रही हैं। अब तक 16 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें गुजरी हैं और तीन ट्रेनें इस जोन में रुकी हैं।
अजीत कुमार सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर मध्य रेलवे