रामनाथ कोविंद के घर जश्न का माहौल
देश की आबोहवा बता रही है अगला राष्ट्रपति कौन होगा...रामनाथ कोविंद या फिर मीरा कुमार..? विशेषज्ञों और वोटों का गणित तो रामनाथ कोविंद की ओर ही इशारा कर रहा है। इसका फैसला आज शाम 5 बजे तक हो जाएगा।
रामनाथ कोविंद के कानपुर स्थित झींझक कस्बे के परौंख गांव में जश्न का माहौल है। दरअसल, कोविंद की जीत तय मानी जा रही है। उनके घर परिवार में खुशियां मनाई जा रही हैं। वहां लोग इकट्ठे होकर गाना-बजाना कर रहे हैं। तो कहीं हवन किया जा रहा है।
तो उधर, कोविंद के घर पर पूरा परिवार इकट्ठा है। डीजे पर गाने बज रहे हैं। यहां प्रदेश अध्यक्ष युवा व्यापार मंडल श्याम मोहन दुबे, विरांगना जलकारी बाई इटंर कॉलेज के प्रबंधक राजेश गुप्ता भी मौजूद हैं।
गली-गली ढोल पर झूमते युवा और गांव के छोटे बच्चे कोविंद के नारे लगाते नजर आ रहे हैं। यहां हर तरफ एक जैसा ही नजारा है। वहीं गांव की महिलाएं गीत गा रही हैं तो बूढ़े चर्चा कर रहे हैं।
रेडियो और टीवी पर वोटों की गिनती का जायजा लेते गांव के बूढ़े कोविंद की ही आस लगाए हैं। ये सभी चाहते हैं कि कोविंद की ही जीत हो।
बता दें संसद भवन में गुरुवार सुबह 11 बजे से राष्ट्रपति चुनाव के वोटों की गिनती शुरू हो गई और करीब 5 बजे तक नतीजे आ जाने की संभावना है।
25 जुलाई को नए राष्ट्रपति शपथ लेंगे। मीरा कुमार बड़े दलित नेता और भूतपूर्व रक्षा मंत्री जगजीवन राम की बेटी हैं। वो विदेश सेवा की अधिकारी भी रह चुकी हैं. बिहार के सासाराम से जीतने वाली मीरा कुमार 15वीं लोकसभा की अध्यक्ष रह चुकी हैं। वहीं रामनाथ कोविंद बिहार के राज्यपाल पद से इस्तीफा देने के बाद राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए पहुंचे।