इटावा/चकरनगर। चंबल सेंक्चुरी की करीब 800 बीघा जमीन पर गांव वाले कब्जा करके खेती कर रहे हैं। ऐसी शिकायत मिलने पर सेंक्चुरी विभाग की ओर से की गई जांच में कई जगह सेंक्चुरी की भूमि निजी कृषि भूमि से सटी हुई मिली। विभाग ने प्रशासन से जमीन का सीमांकन कराने का आग्रह किया है। तहसीलदार का कहना है कि जल्द ही सीमांकन करके रिपोर्ट दी जाएगी। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि वह इस जमीन पर करीब 50 साल से खेती कर रहे हैं।
बता दें कि जिले में चंबल सेंक्चुरी की लगभग 11,080 हेक्टेयर जमीन है। इसमें से लगभग 800 बीघा जमीन पर ग्रामीणों के खेती करने की शिकायत सेंक्चुरी विभाग को मिली थी। शिकायत में कहा गया था कि मिटाटी और रानीपुरा गांव के लोग सेंक्चुरी की जमीन पर कब्जा करके खेती कर रहे हैं। इसकी वन दरोगा से जांच कराई गई तो कई स्थानों पर सेंक्चुरी की जमीन से निजी कृषि भूमि सटी हुई पाई गई।
इसके बाद सेंक्चुरी विभाग ने चकरनगर तहसीलदार को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि कुछ स्थानों पर वन भूमि व निजी कृषि भूमि सटी हुई है। क्षेत्रीय वनाधिकारी ने चकरनगर तहसीलदार से जमीन का सीमांकन कराने का आग्रह किया है, ताकि कब्जा की हुई जमीन को मुक्त कराया जा सके। वहीं, उक्त जमीन पर काबिज काश्तकारों ने बताया कि वह 40-50 सालों से इस जमीन पर खेती कर रहे हैं। हालांकि सेंचुरी विभाग के पास भी फिलहाल जमीन पर कब्जे का कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है।
उधर, चकरनगर क्षेत्र में लगातार तेंदुए के हमले बढ़ने की घटनाओं पर सेंक्चुरी विभाग दावा करता रहा है कि जंगल में लोगों की आवाजाही होने की वजह से हिंसक घटनाओं की स्थितियां बन रही हैं। वन विभाग के अधिकारियों का इशारा वन क्षेत्र में मानव की गतिविधियों की ओर होता है।
गांव नगला चौक अड्डा गांव में बने कच्चे मकानों को दिया नोटिस
सेंक्चुरी की ओर से गांव नगला अड्डा में बने करीब 11 कच्चे मकान मालिकों को नोटिस दिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि वह अवैध तरीके से सेंक्चुरी की जमीन पर रह रहे हैं। चकरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सेंक्चुरी की ओर से नोटिस दिए गए हैं।
-
कराई जा रही जांच
साल 1979 में चंबल सेंक्चुरी घोषित की गई थी। उस समय ग्रामीणों से संपर्क नहीं किया गया था। इसे लेकर धारा चार की तो कार्रवाई हो चुकी है लेकिन धारा-20 की कार्रवाई बाकी है। जल्द ही धारा-20 की कार्रवाई होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि कितनी जमीन पर किसने कब्जा किया है। जहां स्थिति स्पष्ट है वहां से कब्जे हटवाए जा रहे हैं। फिलहाल जो शिकायतें मिल रही हैं उन सभी की जांच कराई जा रही है।
- कोटेश त्यागी, रेंजर, चंबल सेंक्चुरी
जल्द दी जाएगी रिपोर्ट
सेंक्चुरी विभाग की ओर से सीमांकन कराने के लिए एक पत्र दिया गया है। जल्द ही सीमांकन का कार्य पूरा करके रिपोर्ट दी जाएगी।
- विष्णु दत्त मिश्र, तहसीलदार