हरदोई जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर गुरुवार की सुबह कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार जूनियर स्कूल का चपरासी व उसका रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां पर चिकित्सकों ने चपरासी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम भीठी नेवादा निवासी देवेंद्र वर्मा (45) पुत्र हुलासी शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था।
वह पिहानी ब्लॉक के उमरसेड़ा गांव स्थित जूनियर स्कूल में तैनात था। परिजनों के मुताबिक बुधवार को दिल्ली से कुछ रिश्तेदार घर आए थे। गुरुवार की सुबह 4 बजे के करीब वह रिश्तेदारों को छोड़ने कार से बिलग्राम के मगरौली गांव जा रहा था।
कार में एक महिला समेत दो अन्य लोग सवार थे। रास्ते मेें शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार चला रहा देवेंद्र व आगे की सीट पर बैठा रिश्तेदार मोहित (18) गंभीर रूप से घायल हो गया।
कार में पीछे बैठीं अन्य सवारियां बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच हुआ है। मृतक के परिवार में पत्नी सुमन के अलावा दो बेटे व एक बेटी है। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।