भरथना। कस्बा क्षेत्र में शनिवार को नगरपालिका ने सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सात फड़ के दुकानदारों पर 100-100 रुपये जुर्माना लगाया गया। चेतावनी भी दी गई कि अगर दोबारा अतिक्रमण हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को रविवार तक समय दिया गया कि वे अपने अवैध कब्जे हटा लें।
बालूगंज में अतिक्रमण की समस्या को अमर उजाला ने आठ मई के संस्करण में फुटपाथ का पता नही,सड़क पर दिन भर रहता जाम शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर को डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने गंभीरता से लेते हुए ईओ नगरपालिका को अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस पर शनिवार को नगर पालिका ईओ विनय मणि त्रिपाठी की अगुवाई में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस बल व नगरपालिका कर्मचारी मौजूद रहे।
शनिवार दोपहर जैसे ही नगरपालिका की टीम बुलडोजर के साथ बालूगंज रोड पर पहुंची फुटपाथ के दुकानदार व हथठेला वालों में खलबली मच गई। व्यापारियों ने मोहलत मांगी तो टीम ने उन्हें रविवार तक का समय दिया है। ईओ ने कहा कि सभी दुकानदार रविवार तक नाली के ऊपर और आगे से अतिक्रमण हटा लें।