ग्रामीणों ने भगाए कुत्ते, पुलिस और वन विभाग को दी सूचना
महाराजपुर थाने के चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पवन शर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 06 बजे कुलगांव निवासी सियाराम पुत्र मोहनलाल ने पुलिस को सूचना दी कि गांव में आवारा कुत्तों ने एक मोर को घेरकर घायल कर दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुत्तों को मौके से भगा दिया था। इसके बाद तत्काल वन विभाग की टीम को घटना की जानकारी दी गई।
वन विभाग की टीम ने किया प्राथमिक उपचार
घटना की सूचना पाते ही वन विभाग से कृष्ण कुमार कुशवाहा अपनी टीम के साथ कुलगांव पहुंचे। टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल मोर का प्राथमिक निरीक्षण किया और उसके घावों को देखकर उपचार शुरू किया।
इसके बाद वन विभाग की टीम मोर को सुरक्षित तरीके से अपने साथ ले गई। अधिकारियों के अनुसार मोर का इलाज किया जा रहा है और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा।