रनियां क्रय केंद्र निरीक्षण करते पीसीएफ निदेशक।
- फोटो : AKBARPUR
रनियां। सोमवार को पीसीएफ के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने खाद्य विभाग के रनियां धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने किसानों से तौल की हकीकत जानी। उन्हें सब कुछ ठीक मिला।
पीसीएफ के प्रबंधक निदेशक सुबह रनियां धान क्रय केंद्र पर पहुंचे यहां मौजूद किसान रामचंद्र गुप्ता ने बताया कि 35 क्विंटल धान आज ही केंद्र पर लाए हैं। टोकन के अनुसार उनकी तौल कराई जा रही है। विसायकपुर निवासी प्रेम चंद्र ने बताया कि 42 क्विंटल धान बेचने को लाए हैं। तौल के लिए उनका टोकन है। किसानों ने बताया कि खरीद में कोई दिक्कत नहीं है। प्रबंध निदेशक ने किसानों के पंजीयन देखे। यहां केंद्र प्रभारी/विपणन निरीक्षक संजय यादव को निर्देशित किया कि किसानों को धान की बिक्री में दिक्कत नहीं होनी चाहिए। किसानों से ही सभी व्यापार जुड़ें हैं। यहां उन्होंने खरीद रजिस्टर जांचा। केंद्र प्रभारी ने बताया कि 30 हजार क्विंटल का लक्ष्य है। कुल 535 किसानों से पंजीयन कराया। अब तक 26 हजार क्विंटल धान खरीद हो चुकी है। यहां संभागीय खाद्य नियंत्रक आरबी प्रसाद, जिला खाद्य अधिकारी/एडीएम वित्त एवं राजस्व साहब लाल, प्रभारी जिला खाद्य विपणन अधिकारी आरके सिंह आदि रहे।
केंद्र में शौचालय न होने से दिक्कत
रनियां। निरीक्षण के दौरान सोमवार को प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने शौचालय जाने की बात कहीं। उन्होंने पूछा की शौचालय कहां बना है। केंद्र प्रभारी ने बताया कि शौचालय नहीं है। इस पर उन्होंने आपत्ति जताई। इसके बाद वह बारा टोल के सामुदायिक शौचालय में गए।
----
दो दिन में 25 किसानों से खरीदा मक्का
कानपुर देहात/संदलपुर। डीएम डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देश पर संदलपुर केंद्र पर रविवार को मक्का की खरीद शुरू हुई थी। दो दिन में यहां 25 किसानों का चार सौ क्विंटल मक्का खरीदा गया। रविवार को चार सदस्यीय समिति डीएम ने खरीद की निगरानी के लिए बनाई थी। शाम तक 38 किसानों को सूचीबद्ध किया गया। लगभग 1140 क्विंटल मक्का की तौल कराने का निर्देश उन्होंने दिया था। रविवार व सोमवार दो दिन में 25 किसानों का 540 क्विंटल मक्का खरीदा गया। केंद्र प्रभारी अनिल यादव ने बताया टोकन देकर किसानों की मक्का खरीद की गई। वहीं अकबरपुर के उपमंडी स्थल पर भी मक्का की खरीद शुरू हो गई। सहायक केंद्र प्रभारी अरविंद ने बताया कि पांच किसानों से मक्का खरीद की गई।
----