किदवई नगर सीएम ग्रिड योजना अंतर्गत बन रहा है फुटपाथ की टाइल्स धंसी।
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर। सीएम ग्रिड योजना फेज-एक के अंतर्गत, बाबाकुटी चौराहे से मार्बल मार्केट, साइड नंबर-वन, सोटे बाबा मंदिर चौराहा होते हुए किदवईनगर के-ब्लाक स्थित अलंकार गेस्ट हाउस चौराहा तक लगभग 2.45 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। 19.56 करोड़ से बनने वाली सड़क डेढ़ साल से निर्माणाधीन है। अमर उजाला की पड़ताल में पता चला कि हाल ही में यूपी किराना सेवा समिति विद्यालय के गेट के सामने बने फुटपाथ में मामूली बारिश के बाद ही कई टाइल्स धंस गए हैं।
यूटिलिटी डक्ट के चैंबरों के आसपास के टाइल्स भी उखड़ गए हैं। मार्बल मार्केट क्षेत्र में भी इसी तरह की समस्याएं सामने आ चुकी हैं। इससे पहले भी इसी सड़क पर अलंकार चौराहे से मिक्की हाउस की ओर बनाए गए एक मॉडल पैच का भी यही हश्र हुआ था। यह कई जगह धंस और उखड़ गया था। नगर निगम ने इसे दोबारा ठेकेदार से बनवाया। जानकारों के अनुसार फुटपाथ धंसने और टाइल्स उखड़ने का मुख्य कारण निर्माण के दौरान ठीक से काॅम्पेक्शन न होना है। बालू पर टाइल्स लगाते समय चैंबरों के आसपास पर्याप्त पैकिंग न करना भी इस समस्या को बढ़ा रहा है।
नगर निगम जोन-तीन के अधिशासी अभियंता आरके तिवारी ने बताया कि जहां टाइल्स धंसे हैं, वहां सभी टाइल्स को उखड़वाकर मानक के अनुरूप नए सिरे से बिछवाया जाएगा। नाले, डक्ट और सीवर लाइन बिछाने के बाद मिट्टी को बराबर करके रोलर चलवाया जाएगा, फिर जीएसबी (गिट्टी-रेत-पत्थर) में रोलर चलाने के बाद ही निर्माण कार्य कराया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी समस्याएं न हों।
सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कों के निर्माण के लिए यूरिडा ने सख्त मानक बनाए हैं। थर्ड पार्टी के रूप में आईआईटी से गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है। किदवईनगर में यूपी किराना सेवा समिति विद्यालय के पास धंस रहे फुटपाथ की जांच कराऊंगा। मानकों के अनुरूप निर्माण कराया जाएगा।
- अर्पित उपाध्याय, नगर आयुक्त