रसूलाबाद। रक्त संबंधी जांचों के लिए अब रसूलाबाद के लोगों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और न ही प्राइवेट सेंटरों पर महंगे दामों पर जांच करवानी पड़ेगी। अब उन्हें सीएचसी में ही रक्त संबंधी जांचों की सुविधा निशुल्क मिलेगी। यह बात रसूलाबाद विधायक पूनम संखवार ने गुरुवार शाम को सीएचसी में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) के शुभारंभ के दौरान कही। विधायक पूनम शंखवार ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निरंतर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठा रहे हैं। रसूलाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अब तक रक्त संबंधी जांचों की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को निजी लैब या कानपुर नगर जाना पड़ता था।
जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ समय की भी भारी क्षति होती थी। जनता दरबार और क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार अस्पताल में रक्त जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने शासन को पत्र लिखकर अवगत कराया गया था।
इस पर शासन की ओर से करीब 40 लाख रुपये की लागत से बीपीएचयू का निर्माण कराया गया है। इस यूनिट में अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से उच्च गुणवत्ता की रक्त संबंधी जांचों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. दीपक गुप्ता ने बताया कि यूनिट के शुभारंभ के बाद अब मरीजों को सीबीसी, लीवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट, यूरिन जांच, ब्लड शुगर सहित अन्य महत्वपूर्ण जांचें निशुल्क की जाएंगी। इस दौरान डॉ. सौरभ, डॉ. बृजेश, अरविंद सिंह, अटल वाजपेई, अमित सिंह, सौरभ सिंह, अनिल राठौर, पंकज दुबे, संदीप शुक्ला, गौरव कुमार आदि मौजूद रहे।