डेरापुर। प्राथमिक विद्यालय सिठमरा में शनिवार को शिविर लगाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 58 बुखार व खांसी से पीड़ितों की जांच की। इनमें 31 को बुखार व खांसी से पीड़िता पाया गया। जबकि दो में संभावित डेंगू के लक्षण होने की आशंका है। सभी के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
विज्ञापन
सीएचसी अधीक्षक डॉ. पुनीत पांडेय ने बताया कि गांव में बुखार व खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ने की जानकारी हुई थी। टीम को भेजकर शिविर लगाकर सभी जांच की गई है। परीक्षण में 31 को बुखार व खांसी की समस्या होना पाया गया, जिन्हें जरूरी परामर्श व दवाएं दी गई है। इसके अलावा दो में डेंगू होने की आशंका के चलते ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। इस दौरान स्कूल में पढ़ाई कर रहे बच्चों की भी जांच की गई। जिसमें कोई भी डेंगू संदिग्ध नहीं मिला है। ग्रामीणों को आसपास साफ-सफाई रखने व बुखार आने पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की सलाह दी गई है।