लॉकडाउन की वजह से घरों में कैद लोगों के लिए जरूरत से ज्यादा आराम अब मुसीबत बनने लगा है। दरअसल, लगातार लेटे-लेटे लोगों की कमर दुखने लगी है। कंधे अकड़ रहे हैं। गर्दन में खिंचाव के साथ मोच आदि की शिकायतें भी बढ़ रहीं हैं। शहर के प्रमुख हड्डी रोग विशेषज्ञों के पास अब एक्सीडेंटल केस के बजाय ऐसे मामले पहुंच रहे हैं। डॉक्टर फोन और वीडियो कॉलिंग के जरिए मरीजों को सलाह दे रहे हैं।
ये बोले डॉक्टर
डॉ. गोविंद त्रिवेदी बोले 23 मार्च से अब तक मरीजों की संख्या में काफी कमी आई है। जो भी मरीज आ रहे हैं, उसमें सभी घरों में होने वाली दिक्कतों से जुडे़ हैं। पिछले दो दिनों में बाथरूम में गिरकर हड्डी टूटने या और बच्चों के साथ खेलने के दौरान कंधा खिंच जाने की शिकायत लेकर लोग आए हैं। सड़क हादसों में फ्रैक्चर वाले मरीज नहीं आ रहे हैं।
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : amar ujala
डॉ. एके अग्रवाल ने कहा मैं तो वेव कैमरे से ऑनलाइन ही मरीजों को परामर्श दे रहा हूं। इस बीच मेरे संपर्क में जो भी मरीज आए हैं उनमें ज्यादातर घरों में काम करने के दौरान होने वाली दिक्कतों के हैं। एक मरीज ने बताया कि घर की सफाई करते हुए वह कमरे में रखे बॉक्स को खिसकाने लगे तो कलाई में मोच आ गई। इसी तरह एक सज्जन को घर में लगातार लेटे रहने की वजह से कमर में दर्द शुरू हो गया। इसी तरह एक नए कंधे में खिंचाव आने से दिक्कत बताई।
डॉ. एएस प्रसाद ने बताया लॉकडाउन की वजह से मार्ग दुर्घटना वाले केस पूरी तरह से नहीं आ रहे हैं। इस वक्त घरेलू मरीज ज्यादा बढ़े हैं। बीते कई दिनों में ऐसे रोगी आए हैं जिन्हें घर में व्यायाम करते वक्त मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या हुई। बच्चों को उंगली में चोट, उछल-कूद करते वक्त पैर में खिंचाव की शिकायत लेकर लोग पहुंच रहे हैं। कुछ ऐसी भी शिकायत आई है कि लगातार लेटकर टीवी देखने से गर्दन अकड़ गई है।
डॉ. उमेश मिश्रा बोले जरूरत से ज्यादा लेटने, आराम करने की वजह से मेरे पास कमर दर्द की शिकायत लेकर आने वाले लोगों की संख्या ज्यादा है। फोन और वीडियो कॉलिंग के जरिए ऐसे लोगों को मैं कुछ आसन के तरीके बताता हूं जिससे उन्हें आराम मिल रहा है। ज्यादा देर तक बैठने और लेटने की वजह से लोगों की दिक्कतें बढ़ीं है।