डेरापुर। मौसम में बदलाव के बाद लोग बीमार पड़ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की आंख में धूल झोंक कर झोलाछाप इलाज कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। रविवार को सीएचसी अधीक्षक डेरापुर ने मुंगीसापुर में छापा मारा। यहां एक जूता चप्पल की दुकान में झोलाछाप द्वारा मरीज को लिटाकर ड्रिप लगाई जा रही थी। सीएचसी अधीक्षक के पहुंचते ही झोलाछाप मौके से भाग निकला। सात को नोटिस जारी किया गया है।
चिकित्साधीक्षक डॉ. पुनीत पांडेय ने बताया कि रविवार दोपहर उन्होंने टीम के साथ मुंगीसापुर, पुखरायां रोड, भड़पुरा रोड, डेरापुर-मुंगीसापुर रोड पर झोलाछापों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सात स्थानों पर झोलाछाप क्लीनिकों पर इलाज होता मिला लेकिन मौके से झोलाछाप भाग निकले। वहीं, मुंगीसापुर में एक झोलाछाप क्लीनिक के बगल में जूता चप्पल की दुकान पर एक महिला को भर्ती कर इलाज कर रहा था। उनके पहुंचते ही झोलाछाप भाग गया। मौके पर मिले दुकानदार और मरीज से जानकारी की गई।
सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि छापेमारी की भनक लगते ही अधिकांश झोलाछाप क्लीनिक छोड़कर भाग निकले। सात को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र के सभी अवैध क्लीनिक और पैथोलॉजी, लैब संचालकों को तत्काल संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।