इटावा। कांग्रेस कार्यालय का सोमवार को घेराव करने गए भाजपाइयों पर कांग्रेसियों ने पथराव कर दिया। इससे नगर पालिका चौराहे पर भगदड़ मच गई। गुस्साए भाजपाइयों ने सदर विधायक, जिलाध्यक्ष के साथ नगर पालिका के साथ सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सभी को समझाकर हटाया। रात में आठ नामजद और 20 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई। उधर, कांग्रेस ने भी भाजपाइयों पर पथराव का आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में दोनों तरफ से पथराव होता दिखा रहा है।
बिहार में कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी की ओर से निकाली गई जन अधिकार रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भाजपाई सोमवार दोपहर नगर पालिका चौराहे स्थित कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। जिलाध्यक्ष अन्नू अरुण ने बताया कि नगर पालिका के गेट पर भाजपाइयों के पहुंचते ही नगर पालिका कार्यालय के ऊपर बने कांग्रेस कार्यालय से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं में भगदड़ मच गई। उधर, पुलिस ने कांग्रेसियों को उनके कार्यालय में नजरबंद कर दिया।
पथराव से नाराज सदर विधायक सरिता भदौरिया, जिलाध्यक्ष अरुण अन्नू गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बुंदेलखंड कानपुर शिव महेश दुबे, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बिरला शाक्य, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, जिला महामंत्री प्रशांत राव चौबे समर्थकों के साथ नगर पालिका के सामने सड़क पर धरने पर बैठ गए। नारेबाजी करते हुए कांग्रेसियों पर कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि पथराव में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बिरला शाक्य घायल हो गईं। उनके कंधे व पैर में चोटें आईं हैं। सदर विधायक और जिलाध्यक्ष ने भी घायल होने का दावा किया है।
सूचना पर कोतवाली के साथ सिविल लाइंस, फ्रेंड्स कॉलोनी थाने की पुलिस पहुंच गई। एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, एसडीएम सदर विक्रम राघव, सीओ अभय नारायण राय भी पहुंचे और विधायक व जिलाध्यक्ष से बात करके कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें सड़क से हटाया। कड़ी सुरक्षा के बीच आठ कांग्रेसियों को नीचे लाकर हिरासत में लिया गया। वहीं, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष ने भी भाजपाइयों पर पथराव करने का आरोप लगाया है।
रात में पुलिस ने महिला मोर्चा की अध्यक्ष बिरला शाक्य की तहरीर पर आठ कांग्रेसियों के खिलाफ नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ छह धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नामजद आठों कांग्रसियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।