अफवाह फैलते ही मची भगदड़
जानकारी के अनुसार, ट्रेन जैसे ही शिवराजपुर के पकरा क्रॉसिंग के पास से गुजर रही थी, तभी किसी ने बोगी में आग लगने का शोर मचा दिया। धुएं या आग की आशंका के बीच यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कोच के भीतर मौजूद महिला, बच्चे और बुजुर्ग बुरी तरह सहम गए। ट्रेन की रफ्तार धीमी न होते देख कई यात्रियों ने खिड़की और दरवाजों से छलांग लगानी शुरू कर दी।
बाल-बाल टले यात्री, मौके पर मची अफरा-तफरी
ट्रेन से कूदने के कारण कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आने की सूचना है। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंजर काफी डरावना था, लोग बदहवास होकर पटरियों की तरफ भाग रहे थे। हालांकि, जैसे ही ट्रेन रुकी और जांच की गई, तो आग की बात महज एक अफवाह निकली। इसके बाद यात्रियों और रेल प्रशासन ने राहत की सांस ली।
पकरा क्रॉसिंग के पास ट्रेन में आग की अफवाह
- फोटो : वीडिओ ग्रैब
रेलवे प्रशासन और पुलिस सतर्क
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे के अधिकारी अलर्ट हो गए। प्राथमिक जांच में ट्रेन में कहीं भी आग या शॉर्ट सर्किट के निशान नहीं मिले हैं। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि आखिर यह अफवाह किसने और क्यों फैलाई, जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई।