जालौन जिले की उरई नगर पालिका परिषद सोमवार को अखाड़े में तब्दील हो गई। भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों को लेकर दर्जनों सभासदों ने अधिशासी अधिकारी (EO) रामअचल कुरील के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जमकर हंगामा किया। विरोध इतना बढ़ा कि सभासदों और अधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर तमतमाए सभासद
सोमवार दोपहर दर्जनों की संख्या में सभासद नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और ईओ रामअचल कुरील का घेराव किया। सभासदों का सीधा आरोप है कि नगर पालिका के विकास कार्यों और शासन की विभिन्न योजनाओं में भारी बंदरबांट और अनियमितताएं बरती जा रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने ईओ की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के कारण आम जनता के जरूरी काम रुके हुए हैं।
कार्यालय में गूंजे नारेबाजी के स्वर
नगर पालिका परिसर में सभासदों ने जमकर नारेबाजी की। "ईओ साहब आपकी भ्रष्टाचारी नहीं चलेगी" और "एक-एक भ्रष्टाचार की पोल खोली जाएगी" जैसे नारों से कार्यालय गूंज उठा। सभासदों का कहना है कि वे इस भ्रष्टाचार के संबंध में पहले भी जिलाधिकारी (DM) से लिखित शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण उन्हें आज सड़कों पर उतरना पड़ा।
ईओ के बिगड़े बोल, माहौल हुआ गरमाया
चर्चा है कि जब सभासदों ने विकास कार्यों में हो रही धांधली पर जवाब मांगा, तो अधिशासी अधिकारी अपना आपा खो बैठे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपों से बौखलाए ईओ और सभासदों के बीच तीखी झड़प हुई। आरोप है कि ईओ ने सभासदों से बदसलूकी करते हुए उन्हें कार्यालय से बाहर निकलने तक की बात कह दी, जिससे मामला और अधिक बिगड़ गया।
वीडियो वायरल, शहर में चर्चा का विषय
नगर पालिका के भीतर हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो वायरल होते ही प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। शहरभर में इस बात की चर्चा है कि आखिर नगर पालिका के भीतर चल क्या रहा है?
प्रशासन की चुप्पी और सभासदों की चेतावनी
इतने बड़े हंगामे और भ्रष्टाचार के सीधे आरोपों के बावजूद नगर पालिका प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण या सफाई पेश नहीं की गई है। वहीं, विरोध कर रहे सभासदों ने दो-टूक चेतावनी दी है कि यदि भ्रष्टाचार की जांच कर ईओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे और शासन स्तर पर मामले की शिकायत दर्ज कराएंगे।