लखनऊ से दिल्ली जा रही गोमती एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक लड़के को अचानक पेट में जोरों का दर्द होने लगा। दर्द से बेहाल यात्री ने केंद्रीय रेलवे मंत्री सुरेश प्रभु को ट्विट कर दिया। इटावा रेलवे स्टेशन पर ही ट्रेन को रोक दिया गया।
शनिवार को डाउन गोमती एक्सप्रेस के डी 6 कोच में यात्री शिवम मौर्य (24) लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे। अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई और पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। पीड़ित यात्री ने पहले ट्रेन में टीटी की तलाश की। बाद में उसने ट्वीटर पर रेल मंत्री को इसकी जानकारी दी। मंत्री के ट्विट पर तुरंत ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया और ट्रेन फफूंद स्टेशन पर होने की जानकारी पर कंट्रोल ने इटावा स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही यात्री को उपचार देने के निर्देश जारी किए। सुबह 10 बजकर 38 मिनट पर ट्रेन के इटावा पहुंचते ही रेलवे के डाक्टर जीपी पाठक ने कोच में पहुंचकर यात्री का चेकअप किया। दवाई मिलने से यात्री को मिली राहत के बाद ट्रेन को 10 बजकर 48 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।