कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित वीआईपी लॉज में अमृत संवाद कार्यक्रम में मौजूद
- फोटो : रेलवे
कानपुर। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित वीआईपी लॉज में अमृत संवाद कार्यक्रम हुआ। इसमें तय हुआ कि अब पार्किंग कर्मी व टैक्सी चालक वर्दी में रहेंगे। उनका मेडिकल भी होगा। वंदे भारत के ठहराव का समय बढ़ाने पर भी चर्चा की गई।
उप मुख्य यातायात प्रबंधक आशुतोष सिंह ने कहा कि शांतिनगर पुल के नीचे उतरने वाले मार्ग पर एकत्र मलबा दो दिन में हटाया जाएगा। पनकी धाम स्टेशन का भी कार्य लगभग पूरा हो गया है और जल्द ही इसका लोकार्पण होगा। संवाद कार्यक्रम में शिक्षाविद अंगद सिंह, पंडित होटल ग्रुप के अध्यक्ष विजय पंडित, एफआईटीए के महासचिव उमंग अग्रवाल, व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीकमचंद सेठिया, ईश्वर सिंह वर्मा आदि भी रहे।
कई सुझाव दिए गए
उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि वक्ताओं ने राजधानी ट्रेन में कानपुर से आरक्षण कोटा में वृद्धि, सिटी साइड में सबवे और कैंट साइड के लिए दिशात्मक निर्देशों को अंकित करने, वंदे भारत ट्रेन में कोचों के दरवाजों को प्रवेश व निकासी के लिए अलग-अलग नामित करने जैसे सुझाव भी दिए। उप मुख्य यातायात प्रबंधक ने इन पर तकनीकी और यात्री सुविधाओं को देखते हुए विचार करने के बाद लागू कराने का आश्वासन दिया।