रसूलाबाद/डेरापुर (कानपुर देहात)। रोक के बावजूद किसान खेतों में पराली जला रहे हैं। गुरुवार को रसूलाबाद क्षेत्र में पराली जलाने पर पांच किसानों पर रिपोर्ट दर्ज की गई। जबकि, डेरापुर में आठ किसानों पर 15 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
रसूलाबाद तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के पांच किसानों के खिलाफ खेत पर पराली जलाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कृषि विभाग के कर्मचारी राज नारायण ने बैरीसाल गांव के किसान जयकरन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। कृषि विभाग के धर्मेंद्र कुमार ने ओरिया निवासी रमेश, जोत गांव के रामपाल व रंजना देवी, कठारा गांव के जनक सिंह के खिलाफ पराली जलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी शशिभूषण मिश्र ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।
वहीं, डेरापुर क्षेत्र के ननथू गांव के किसान नीरज सिंह व अरविंद सिंह, बनीपारा डगराहा निवासी रेशमा देवी, निर्मला देवी व साकेत कुमार, लक्ष्मणपुर पिलख गांव निवासी चंद्रभान सिंह, वीर भान सिंह व सूर्यभान सिंह ने रोक के बाद भी पराली जला दी। एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी के निर्देश पर उक्त सभी आठ किसानों से 15 हजार रुपये की वसूली की गई।