कानपुर। बंग्लुरू में 29 और 31 अगस्त 14वीं सब-जूनियर और जूनियर राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप हुई। इसमें कानपुर के होनहार पैरा एथलीट हरिओम शुक्ला ने गोला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
नेहरू नगर स्थित राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ की ओर से संचालित कानपुर अंध विद्यालय में हरिओम ने अपनी शिक्षा के साथ-साथ खेल को निखारा है। इसी विद्यालय में हरिओम कक्षा आठ का छात्र है। प्रधानाचार्य इंद्रजीत सिंह ने बताया कि विद्यालय में नेत्र दिव्यांग छात्रों की पढ़ाई के साथ ही खेलों के लिए भी पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि हरिओम अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने को तैयार हैं। विद्यालय के प्रशिक्षक सुनील शर्मा ने हरिओम की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें गोला फेंक की बारीकियां सिखाईं।
नियमित अभ्यास और लंबे कद का फायदा उठाकर हरिओम कई प्रतियोगिताओं में पहले भी पदक जीत चुके हैं। जूनियर राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप कि गोला फेंक स्पर्धा में हरिओम ने 7.70 मीटर का थ्रो कर देशभर के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए दुबई में होने वाली अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया। ऐसे में वह अब अक्तूबर में होने वाली दुबई पैरा चैंपियनशिप में भारत की ओर से हिस्सा लेंगे।